नैनीताल। 2 अक्टूबर की छुट्टी और लंबे वीकेंड का असर सरोवर नगरी नैनीताल में साफ दिखाई देने लगा है। शुक्रवार से ही शहर में पर्यटकों की आमद बढ़ गई और शनिवार को प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ देखने को मिली। माल रोड, नैनीझील, भोटिया मार्केट, स्नो व्यू और शहर के अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से नैनीताल गुलजार नजर आया।।वहीं, पर्यटकों की बढ़ती संख्या के साथ शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ गया, जिससे कई जगह जाम की स्थिति बनी रही। लंबे वीकेंड में कैंची धाम में भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है। नैनीताल आने वाले कई पर्यटक कैंची धाम का रुख कर रहे हैं। इसके साथ ही भीमताल, मुक्तेश्वर और नौकुचियाताल समेत आसपास के पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की आवाजाही भी कैंची धाम की ओर हो रही है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कैंची धाम में वाहनों का दबाव कम करने के लिए पार्किंग और शटल व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है। पर्यटकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया जा रहा है और वहां से शटल के माध्यम से उन्हें कैंची धाम भेजने की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य कैंची धाम और आसपास की सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारों और जाम को नियंत्रित करना है।
