लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य की ‘आधी आबादी’ यानी महिला मतदाताओं को साधने के लिए राजनीतिक दलों के बीच वादों की होड़ शुरू हो चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ‘लोकनाट्य अहिल्याबाई योजना’ की शुरुआत और बीजेपी द्वारा 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए आजीवन मुफ्त बस सेवा तथा ₹50 हजार तक की सहायता योजना की तैयारी के बीच समाजवादी पार्टी ने भी बड़ा दांव खेला है। लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव ने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ का ऐलान किया है। सांसद डिंपल यादव ने कहा कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ की शुरुआत की जाएगी। इसके तहत महिलाओं को सालाना ₹40,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल ₹40,000 तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि साल-दर-साल इस राशि में बढ़ोतरी भी की जाएगी।
