मथुरा। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी मथुरा में नए साल के अवसर पर होने वाले एक्ट्रेस सनी लियोनी के कार्यक्रम को लेकर विवाद हो गया है। मथुरा के साधु-संत इस कार्यक्रम के विरोध में आ गए हैं। संतों ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर इस कार्यक्रम को रद्द करने और आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं सनी लियोनी इस कार्यक्रम का सोशल मीडिया पर प्रचार करती हुई नजर आ रही हैं।उन्होंने एक वीडियो संदेश में लोगों से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में नववर्ष की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। एक तरफ जहां नए साल पर बांके बिहारी के दर्शन को लाखों की संख्या में श्रद्धालु वृंदावन आ रहे हैं तो ऐसे में बड़े-बड़े होटल और क्लब के मालिक नए साल को किस तरह और बेहतरीन बनाया जाए, इसको लेकर बॉलीवुड के स्टार को बुलाने की तैयारी कर रहे हैं। इन लोगों द्वारा नए साल पर बकायदा मथुरा में सनी लियोन का DJ प्रोग्राम रख दिया गया। जैसे ही हिंदू संगठनों को यह जानकारी हुई तो वह विरोध पर उतर आए। उन्होंने कहा कि ये प्रभु की ब्रज भूमि है, यहां एक्ट्रेस का क्या काम। सूत्रों के अनुसार हिंदू संगठनों के विरोध को देखते हुए आनन-फानन में सनी सियोनी का प्रोग्राम कैंसिल कर दिया गया है।
