मथुरा। राष्ट्रपति 19 मार्च से उत्तर प्रदेश के तीन दिन के दौरे पर हैं। गुरुवार को अयोध्या में दर्शन करने के बाद वह मथुरा पहुंचीं। शुक्रवार सुबह उन्होंने आध्यात्मिक कार्यक्रमों से दिन की शुरुआत की और वृंदावन में राधा केली कुंज स्थित संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम गईं, जहां उनके प्रवचन सुने। यह मौका खास इसलिए भी रहा क्योंकि गुरुवार को संत प्रेमानंद महाराज का जन्मदिन था, जिससे माहौल और ज्यादा भक्तिमय हो गया।
आश्रम में राष्ट्रपति ने प्रेमानंद जी महाराज से आध्यात्मिक चर्चा की और उन्हें हाथ जोड़कर प्रणाम किया। संत प्रेमानंद ने प्रसन्न मुद्रा में ‘राधे-राधे’ कहकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस मौके पर आश्रम के सेवादारों ने माला पहनाकर और चुनरी ओढ़ाकर राष्ट्रपति का स्वागत किया। मुर्मू ने संत प्रेमानंद महाराज को जन्मदिन की बधाई भी दी।
राष्ट्रपति ने वृंदावन स्थित बाबा नीम करोली आश्रम में पूजा-अर्चना की। उन्होंने आश्रम परिसर के अंदर भगवान हनुमान मंदिर में दर्शन किये। उन्होंने अनुष्ठानिक पूजा की और देवता को सवा मन (50 किलोग्राम) लड्डू प्रसाद चढ़ाया। नीम करोली बाबा आश्रम वृन्दावन के अध्यक्ष राधा कृष्ण पाठक ने बताया कि पूजा के दौरान 20 भक्तों ने सुंदर कांड पाठ किया। पाठक ने बताया कि मुर्मू बाबा नीम करोली जी महाराज की समाधि पर पूजा-अर्चना की और आरती की। राष्ट्रपति ने कुटिया (कमरा) में एकांत में ध्यान लगाया, जहां बाबा नीम करोली जी महाराज रहते थे और ध्यान करते थे। आश्रम छोड़ने से पहले उन्होंने बाबा नीम करोली जी महाराज के जीवन पर एक प्रदर्शनी देखी।
