बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर में सोशल मीडिया पर एक प्राइमरी स्कूल का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक शिक्षिका कक्षा में मोबाइल फोन पर क्लासिकल गाना बजाते और सिर की मालिश कराती हुईं नजर आ रही है। शिक्षिका पर अभिभावकों से अभद्रता करने और छड़ी से पीटने का आरोप भी है। इसके बाद शिक्षिका संगीता मिश्रा को सस्पेंड कर दिया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
प्राथमिक विद्यालय मूंडाखेड़ा में एक शिक्षिका का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में शिक्षिका कक्षा में मोबाइल पर गाना बजाती और सिर की मालिश करती हुई दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि जब अभिभावक शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे तो शिक्षिका ने उनसे गाली-गलौज की और उन्हें छड़ी से पीटा। इस घटना के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिक्षिका को निलंबित कर दिया है।
बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडे ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली। इस मामले की जांच के लिए एक अधिकारी को नियुक्त किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि जब बच्चों ने शिक्षिका की शिकायत की तो दो महिला अभिभावक स्कूल पहुंची थीं। अभिभावकों का आरोप है कि शिक्षिका ने उनके साथ अभद्रता की और उन्हें छड़ी से पीटा।
